कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरगा थाना क्षेत्र के कनकी नहर पुल के पास एक माजदा वाहन से करीब 10 टन संदिग्ध स्क्रैप जब्त किया है। बताया जा रहा है कि जब्त स्क्रैप को जांजगीर ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने मामले में बीएनएसएस की धारा 102 के तहत कार्रवाई करते हुए स्क्रैप समेत अन्य संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया है।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि उरगा क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ का संग्रहण और परिवहन किया जा रहा है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कनकी नहर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
वाहन चालक से पूछताछ में सामने आया कि जब्त कबाड़ राजेश कर्ष नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। चालक ने पुलिस को जानकारी दी कि स्क्रैप को जांजगीर ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और स्क्रैप के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि जब्त माल के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्क्रैप कहां से लाया गया और इसका वास्तविक स्रोत क्या है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार लंबे समय से प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि औद्योगिक क्षेत्रों, बंद खदानों और सरकारी परिसरों से चोरी किए गए लोहे को अवैध रूप से खपाने का नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
