कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चे गंभीर हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दो मासूम भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोड़ी उपरोड़ा के कोनकोना गोस्वामी मोहल्ला निवासी तीन नाबालिग बच्चे स्कूटी से घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और टैंकर की चपेट में आ गए।
हादसे में बूटी और दशरथ, जो आपस में सगे भाई-बहन थे, की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीसरा बच्चा विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सड़क पर खून से लथपथ अपने मासूम बच्चों को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बांगो थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना स्टाफ के उप निरीक्षक नरेंद्र डिक्सेना एवं आरक्षक गजेंद्र ने बिना देर किए मृत बच्चों के शवों को सड़क से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं घायल विवेक को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना की खबर फैलते ही पूरे गोस्वामी मोहल्ले में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार विनय देवांगन ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया गया। इस दौरान एसडीएम मनोज बंजारे भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं कटघोरा थाना से उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। लगभग एक घंटे तक चली समझाइश और प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में चालक की भूमिका और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गति सीमा का कड़ाई से पालन कराया जाए, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
