कोरबा | पोंड़ी उपरोड़ा | 25 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शेखर सिंह रात्रे, वनरक्षक, हाथी नियंत्रण कक्ष चोटिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं भारतीय जनता पार्टी मंडल पोंड़ी उपरोड़ा के पदाधिकारियों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, भाजयुमो पोंड़ी उपरोड़ा के उपाध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी ने 24 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे थाना बांगो में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे जनभावनाएं आहत हुईं तथा संवैधानिक पद की गरिमा प्रभावित हुई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद बांगो थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की। इसके बाद 25 जुलाई 2026 की सुबह थाना निरीक्षक एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शेखर सिंह रात्रे को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पोंड़ी उपरोड़ा की ओर से थाना बांगो में एक विस्तृत आवेदन भी सौंपा गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

इस अवसर पर भाजपा मंडल पोंड़ी उपरोड़ा के उपाध्यक्ष द्वय शिवशंकर उइके एवं रुपेश दास, भाजयुमो पोंड़ी उपरोड़ा के मंडल अध्यक्ष महेंद्र दास तथा गौरव चतुर्वेदी सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान है, लेकिन किसी भी संवैधानिक पद की गरिमा के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं हो सकता।
भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान है और सोशल मीडिया पर अमर्यादित भाषा या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होना आवश्यक है। उनका कहना था कि इससे समाज में यह संदेश जाएगा कि डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून अपना कार्य करेगा।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

